
भोपाल, रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी सलमान को गुरुवार देर रात पुलिस ने भोपाल से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उसे गौहरगंज ले जाया जा रहा था, तभी औबेदुल्लागंज के जंगल क्षेत्र में पुलिस वाहन का टायर पंक्चर हो गया। इसी दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मी की बंदूक छीनकर भागने की कोशिश की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे के अनुसार, रात करीब 3 से 4 बजे के बीच आरोपी को दूसरी गाड़ी में बैठाया जा रहा था। तभी सलमान ने एसआई श्यामराज सिंह की राइफल छीनकर फायर करने की कोशिश की। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उसके पैर में गोली मारी। इससे वह घायल हो गया और उसे तुरंत भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है। सलमान 21 नवंबर को गौहरगंज में 6 वर्षीय मासूम से दुष्कर्म कर फरार हो गया था। घटना के बाद क्षेत्र में लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे थे और उसकी गिरफ्तारी की मांग उठ रही थी। लगभग छह दिन बाद पुलिस ने उसे भोपाल के गांधी नगर क्षेत्र में एक चाय की दुकान से पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह जंगलों के रास्ते पैदल ही भोपाल पहुँचा और वहीं छिपा हुआ था।
आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी मिलने पर जय मां भवानी हिंदू संगठन के कार्यकर्ता थाने पहुंचे, लेकिन उससे पहले ही उसे गौहरगंज पुलिस के हवाले किया जा चुका था।




