
पटना। बिहार के उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी ने शनिवार को कहा कि राज्य में यदि राष्ट्रीय जनांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार फिर से बनती है तो यहां अगले पांच साल में 50 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया जायेगा। श्री चौधरी ने सारण जिले के बनियापुर विधानसभा क्षेत्र से राजग प्रत्याशी केदारनाथ सिंह (भाजपा) और खगड़िया जिले के परबत्ता विधानसभा से राजग प्रत्याशी बाबूलाल शौर्य (लोक जनशक्ति पार्टी-रामविलास) के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुये कहा कि जिस बिहार में लालू राज के दौरान इंडस्ट्री पूरी तरह समाप्त हो गई थी, आज उसी बिहार की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में 23 प्रतिशत हिस्सेदारी उद्योग क्षेत्र की है। बिहार में देश का सबसे बड़ा बॉटलिंग प्लांट, सबसे बड़ा इथेनॉल प्लांट और सबसे ज्यादा थर्मल पावर प्रोजेक्ट लग रहे हैं।उन्होंने कहा कि वह वादा करते हैं कि राजग की सरकार फिर बनने पर बिहार में अगले पांच साल में 50 लाख करोड़ रुपये का निवेश होगा।



श्री चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता लालू यादव के 15 साल के शाषण में 94 हजार लोगों को सरकारी नौकरियां दी गई थी, जबकि पिछले 20 साल में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली राजग सरकार ने साढ़े 18 लाख सरकारी नौकरियां दी हैं। उन्होंने कहा कि 2020 में राजग सरकार ने 10 लाख सरकारी नौकरी और 10 लाख रोजगार देने का वादा किया था। पिछले पांच साल में राजग सरकार ने साढ़े 11 लाख सरकारी नौकरियां और 41 लाख रोजगार दिए हैं।उन्होंने कहा कि यदि राजग सरकार बनती है, तो एक करोड़ सरकारी नौकरी और रोजगार देने का संकल्प पूरा करेंगे।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2005 में जब नीतीश कुमार की सरकार बनी तो बेटियों को स्कूल भेजने के लिए साइकिल और पोशाक योजना शुरू की गई। उन्हें 10 हजार, 25 हजार और 50 हजार रुपये की छात्रवृति देकर पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित किया गया। बेटियां पढ़-लिख गईं तो उन्हें सरकारी नौकरियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया और अब उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए, उन्हें व्यवसाय के लिए दो लाख रुपये तक की सहायता दे रही है।

