
पटना । महागठबंधन की ओर से राष्ट्रीय जनता दल (राजद ) के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किये जाने के बाद और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ओर से मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर चल रही अटकलों के बीच, केंद्रीय गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने बुधवार को कहा कि बिहार में मुख्यमंत्री पद रिक्त नहीं है।
श्री शाह ने राजग उम्मीदवारों के पक्ष में यहाँ एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हैं और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। इन दोनों पदों के लिये कोई जगह खाली नहीं है। उन्होंने कहा कि केंद में नरेंद्र मोदी और बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली राजग के तालमेल से बीच तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है। अमित शाह ने बुधवार को दरभंगा में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए जनता का आह्वान किया कि पिछले विधानसभा चुनाव में दरभंगा की 10 में से 9 सीटें राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के खाते में गई थीं और इस बार वे सभी 10 सीटें राजग को दिलाएं।



मैथिली को आधिकारिक भाषा का दर्जा : अमित शाह ने कहा कि मैथिली भाषा को आधिकारिक भाषा का दर्जा राजग सरकार ने ही दिया। संविधान को भी मैथिली में उपलब्ध कराया गया है। मिथिला के पुनौराधाम में माता सीता का भव्य मंदिर निर्माणाधीन है। जहां-जहां माता सीता गईं, उन सभी स्थानों को राम सर्किट से जोड़ा जाएगा। उन्होंने अनुच्छेद 370 के मुद्दे पर कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर निशाना साधते हुए कहा कि “कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा है। मोदी जी ने अनुच्छेद 370 हटाया लेकिन कांग्रेस और राजद ने इसका विरोध किया।
जल्द ही दरभंगा में मेट्रो संचालित होगी : गृह मंत्री ने कहा कि‘आतंकवादियों को पाकिस्तान के ठिकानों में मार गिराया गया और पीएफआई (पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया) पर प्रतिबंध लगाया गया, लेकिन क्या राजद की सरकार आएगी तो क्या वह पीएफआई के लोगों को जेल में रहने देगी? राजग किसी भी कीमत पर उन्हें बाहर नहीं आने देगा। शाह का कहना था कि जल्द ही दरभंगा में मेट्रो रेल संचालित होगी और राजग सरकार ने यहां एयरपोर्ट बनवाया है तथा बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एम्स का निर्माण जारी है।
बिहार में 8.52 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन : उन्होंने कहा कि बिहार में 8.52 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है, मखाना बोर्ड का गठन किया गया, घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट मुफ्त बिजली और सामाजिक सुरक्षा पेंशन में वृद्धि की गई है। राजग प्रत्याशियों में युवाओं को तरजीह देने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, “मोदी जी युवाओं को आगे बढ़ाते हैं, लेकिन राजद और कांग्रेस में ऐसा संभव नहीं। लालू जी अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं और सोनिया जी अपने बेटे को प्रधानमंत्री। मैं दोनों से कहना चाहता हूं कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के पद खाली नहीं हैं।
‘चारा घोटाला’ और ‘भूमि-के-बदले-नौकरी’ घोटाले का आरोप : अमित शाह ने राजद प्रमुख लालू प्रसाद पर ‘चारा घोटाला’ और ‘भूमि-के-बदले-नौकरी’ घोटाले में शामिल रहने के आरोप दोहराए तथा साथ ही, कांग्रेस पर 12 लाख करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार मामलों में लिप्त होने का आरोप लगाया। उन्होंने घोषणा की कि मिथिला में 500 करोड़ रुपये की लागत से एक केंद्र स्थापित किया जाएगा, जहां देशभर के सभी पांडुलिपियों का संरक्षण किया जाएगा

