
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में टिकट बंटवारे को लेकर बड़ा बवंडर मच गया है। दरभंगा जिले की कस्बा विधानसभा सीट से सिटिंग कांग्रेस विधायक अफाक आलम और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम के बीच की एक कथित फोन बातचीत (आॅडियो क्लिप) सोशल मीडिया पर लीक हो गई है। इस आॅडियो में बिहार कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति, टिकट बंटवारे में कथित खरीद-फरोख्त और बाहरी नेताओं के हस्तक्षेप के बड़े आरोप सामने आए हैं।



वायरल आॅडियो में कथित तौर पर विधायक अफाक आलम कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम से पूछते सुनाई दे रहे हैं कि उनका टिकट आखिर क्यों रोका गया। इस पर राजेश राम जवाब देते हैं कि हम साइन-वगैरह जितना था उतना कर दिए हैं, लेकिन अब ये जो है वो प्रभारी जी के पास है। कोई मुकतू और इरफान है खेल, हाथी-घोड़ा सब हो रहा है। इस बातचीत में हाथी और घोड़ा के रूप में दो नामों का जिÞक्र हुआ, हाथी यानी पप्पू यादव और घोड़ा यानी पार्टी के प्रभारी कृष्णा अल्लावरू। आॅडियो के मुताबिक, अफाक आलम का टिकट आखिरी वक्त में काटकर इरफान नामक उम्मीदवार को दे दिया गया, जो पहले कांग्रेस की स्थानीय समिति का चुनाव भी हार चुके थे।
2.70 करोड़ में बिका टिकट : अफाक आलम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस आॅडियो की पुष्टि की और कांग्रेस हाईकमान पर टिकट बेचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मेरे टिकट के बदले 2.70 करोड़ में सौदा हुआ है। मुझे साफ कहा गया कि पैसा लाओ तो टिकट पक्का। जब मैंने मना किया, तो टिकट इरफान को दे दिया गया। अब पार्टी में विचारधारा नहीं, पैसे का खेल हो रहा है। अफाक ने आगे कहा कि वह 1990 से कांग्रेस से जुड़े हैं, जनता के बीच लगातार काम कर रहे हैं, लेकिन अब पार्टी दलालों और फ्रॉड लोगों के कब्जे में चली गई है।

