
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को देश के खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों को चुनाव से पहले दिवाली का बड़ा तोहफा दिया है। नालंदा के राजगीर में 1 हजार 121 करोड़ की लागत से बना इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम जनता को समर्पित किया। सात सालों में बनकर तैयार यह स्टेडियम गुजरात के अहमदाबाद के बाद देश का दूसरा सबसे बड़ा स्टेडियम है। यह आईसीसी और बीसीसीआई के मानकों को पूरा करता है।



मुख्यमंत्री ने क्रिकेट स्टेडियम के पवैलियन व ग्राउंड का भी जायजा लिया। इस दौरान खिलाड़ियों ने ताली बजाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने हाथ हिलाकर सभी का अभिवादन स्वीकार किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने वहां की व्यवस्थाओं के बारे में विस्तृत जानकारी ली। राजगीर इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम को अत्याधुनिक सुविधाओं से सजाया गया है, जिसमें आधुनिक ड्रेसिंग रूम, जिम, प्रैक्टिस नेट, मीडिया गैलरी और वीआईपी लाउंज शामिल हैं। स्टेडियम में उन्नत ड्रेनेज सिस्टम और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार तैयार पिच मौजूद है। 90 एकड़ में फैले इस स्टेडियम की क्षमता लगभग 40,000 दर्शकों की है। परियोजना की शुरूआत 12 अक्टूबर 2018 को हुई थी, जिसकी प्रारंभिक लागत 740 करोड़ रुपए निर्धारित थी, लेकिन अत्याधुनिक सुविधाओं को जोड़ने के बाद कुल लागत बढ़कर 1121.41 करोड़ रुपए हो गई। खेल विश्लेषकों के अनुसार यह स्टेडियम जल्द ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की मेजबानी करने में सक्षम होगा, जिससे राजगीर में पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। महाराष्ट्र से लाई गई लाल मिट्टी से 6 पिच एवं मोकामा की काली मिट्टी से 7 पिच तैयार की गई है।
बारिश के मौसम में मैदान से पानी निकासी हेतु ड्रेनेज प्रणाली विकसित की गई है। क्रिकेट स्टेडियम में खिलाड़ियों एवं दर्शकों की मूलभूत सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य सुनिश्चित किया गया है। स्टेडियम में आधुनिक सुविधाएं होंगी, जिसमें खिलाड़ियों के लिए विशेष पवेलियन, कोच और मैनेजर के लिए आरक्षित बैठक व्यवस्था, वीवीआईपी मेहमानों के लिए खास स्टैंड और मीडिया के लिए समर्पित गैलरी शामिल हैं। बीसीसीआई के मानकों के अनुरूप तैयार यह मैदान राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मैचों की मेजबानी के लिए पूरी तरह सक्षम है। ज्ञातव्य है कि इस स्टेडियम से न केवल बिहार में खेल संस्कृति को नई ऊंचाइयां मिलेंगी बल्कि राजगीर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खेल पर्यटन के मानचित्र पर भी स्थापित होगा। यह स्टेडियम जल्द ही अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की मेजबानी करने में सक्षम होगा, जिससे राजगीर में पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री ने राज्य खेल अकादमी, राजगीर में आयोजित समारोह में 87 उत्कृष्ट खिलाडियों को सरकारी नौकरी का चयन पत्र और 812 खिलाड़ियों के बीच करीब 8 करोड़ रुपये की खेल सम्मान राशि का वितरण किया।

