
नई दिल्ली । भारत में आज से iPhone 17 सीरीज की बिक्री शुरू हो गई है। iPhone 17 सीरीज के फोन की खरीद के लिए मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) और दिल्ली के साकेत स्थित Apple स्टोर्स के बाहर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। स्टोर खुलने से पहले ही देर रात से ही ग्राहकों की लंबी कतारें लग गईं। कई लोग महाराष्ट्र के बाहर से भी फोन खरीदने पहुंचे।



मुंबई से अहमदाबाद आए एक युवक ने बताया कि वह हर बार नए iPhone की लॉन्चिंग पर यहां आते हैं। उन्होंने सुबह 5 बजे से कतार में खड़े रहकर फोन खरीदा। वहीं एक अन्य युवती ने बताया कि ऑनलाइन रिव्यूज़ बेहतरीन रहे हैं और अब असली अनुभव का इंतजार है।
मुंबई के अमान मेमन iPhone 17 Pro Max लेने पहुंचे। उन्होंने कहा, “इस बार Apple ने नया डिजाइन और A19 बायोनिक चिप दिया है, जिससे गेमिंग का मजा और बढ़ेगा। मैं पिछले 6 महीने से इसी नए कलर का इंतजार कर रहा था।”
Apple ने 9 सितम्बर को iPhone 17 सीरीज लॉन्च की थी। इसकी शुरुआती कीमत 82,900 रुपये रखी गई है। फोन में 6.3 इंच डिस्प्ले, 120Hz ProMotion रिफ्रेश रेट और नया 48MP डुअल फ्यूजन कैमरा दिया गया है। इसमें अल्ट्रा-वाइड लेंस और स्क्वेयर-शेप्ड फ्रंट कैमरा सेंसर भी है, जो बेहतर सेल्फी अनुभव देगा।
iPhone 17 सीरीज पर ऑफर्स
iPhone 17 सीरीज खरीदने पर ग्राहकों को कई शानदार ऑफर्स मिल रहे हैं। अगर आप Apple Store से खरीदते हैं, तो आपको 6 महीने तक की नो-कॉस्ट EMI का विकल्प मिलेगा, यानी बिना किसी ब्याज के आसान किस्तों में भुगतान कर सकते हैं। साथ ही अगर आप American Express, Axis Bank या ICICI Bank के कार्ड से पेमेंट करते हैं, तो आपको 5,000 रुपये तक की इंस्टेंट छूट भी मिल सकती है।

