
लातेहार । झारखंड के लातेहार जिले के सदर थाना क्षेत्र के जड़ियांग गांव में लगे ऐतिहासिक जतरा मेला के दौरान बुधवार की देर शाम चाउमीन खाने से करीब 32 बच्चे फूड प्वाइजनिंग के शिकार हो गए। मेला घूमकर लौटने के थोड़ी देर बाद ही बच्चों में उल्टी और दस्त की समस्या शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ते देख ग्रामीणों व परिजनों ने तुरंत सिविल सर्जन को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय हो गई और सभी बच्चों को एंबुलेंस से सदर अस्पताल लातेहार लाया गया।



अस्पताल में डॉ. जेपी शर्मा, डॉ. सुनील कुमार भगत और डॉ. सीमा रानी की टीम ने तत्परता दिखाते हुए बच्चों का इलाज शुरू किया। डॉक्टरों के अनुसार समय पर उपचार मिलने से बच्चों की स्थिति अब नियंत्रित है और किसी भी बच्चे की हालत गंभीर नहीं है।
अस्पताल प्रबंधन को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, तुरंत सतर्कता बढ़ा दी गई। आज सिविल सर्जन और अस्पताल उपाधीक्षक खुद वार्ड में पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने खुद कई बच्चों का इलाज किया और चिकित्सकों को समय-समय पर निर्देश दिए।

