
हजारीबाग। पुलिस ने चार ठगों को गिरफ्तार किया। फर्जी एसीबी अधिकारी बनकर मेडिकल स्टोर संचालकों से अवैध वसूली कर रहे थे। घटना कटकमसांडी थाना क्षेत्र के डांटो खुर्द गांव की है। एडिशनल एसपी अमित कुमार ने गुरुवार को बताया कि चार लोग स्कॉर्पियो में सवार होकर मेडिकल स्टोर पहुंचे। सभी ने फॉर्मल कपड़े पहने थे और गले में नकली पहचान पत्र और पैरों में पुलिस के लाल जूते पहने थे। गिरफ्तार आरोपितों में हजारीबाग के खिरगांव निवासी नंदूवीर राम, सिल्वर निवासी धनेसर राम, बोकारो के गोमिया निवासी महेश पासवान और चतरा स्थित गिद्धौर के रहने वाले अयोध्या पासवान शामिल हैं।



पूछताछ में ठगों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। आरोपित लाइसेंस चेक करने के नाम पर प्रत्येक दुकान से 10 हजार रुपये की मांग कर रहे थे। उनकी स्कॉर्पियो पर एंटी करप्शन ब्यूरो का बोर्ड लगा था। ग्रामीणों को शक हुआ तो उन्होंने वाहन को रोककर कटकमसांडी थाने में सूचना दी। पुलिस ने मौके से स्कॉर्पियो वाहन, फर्जी बोर्ड, चार नकली आईडी कार्ड, चार जोड़ी पुलिस जूते, एक मुहर और 2,500 रुपये नकद बरामद किया। पुलिस ने सभी को जेल भेज दिया है।

