
रांची। आजसू पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में जिलाध्यक्ष और जिला प्रभारियों की बैठक शनिवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में संगठनात्मक कार्यों की प्रगति, भविष्य की योजनाओं और विभिन्न जिलों की गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा हुई। सुदेश महतो ने कहा कि झामुमो –कांग्रेस गठबंधन जनता की आकांक्षाओं पर खरा नहीं उतर पाया है। जनता को आजसू से उम्मीद है। पंचायत और ग्राम स्तर पर संगठन की मजबूती के लिए पार्टी के सभी नेता–कार्यकर्ता जुट जाएं।




उन्होंने कहा कि आज झारखंड में नवीन राजनीतिक चेतना को जागृत करने की आवश्यकता है। झारखंड का आम जनमानस झारखंडी अस्मिता की तलाश कर रहा है। लेकिन झारखंडी सोच का दावा करने वाले झामुमो ने सत्ता तो हासिल कर ली, लेकिन झारखंडी विचारों से भटक गया है और जनता के साथ छल कर रहा है।
सुदेश ने कहा कि झामुमो–कांग्रेस सरकार नौकरशाही, नौकरी, नियोजन, विस्थापन, पुनर्वास, मुआवजा सभी पहलुओं पर विफल हो चुकी है। झारखंड निर्माण का मूल उद्देश्य पूर्ण नहीं होने से झारखंडी जनमानस में एक आक्रोश है।
बैठक को मांडू विधायक तिवारी महतो, पूर्व विधायक डॉ लम्बोदर महतो, मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत, केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर और मो हसन अंसारी, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अध्यक्ष नजरुल हसन हाशमी, महासचिव सह प्रवक्ता संजय मेहता सहित अन्य ने संबोधित किया। बैठक में पार्टी के कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
