
कोलकाता । दक्षिण कोलकाता में लॉ स्टूडेंट के साथ गैंगरेप किया। यह घटना 25 जून की रात में हुई। इस घटना में पुलिस ने लॉ कॉलेज के दो मौजूदा छात्रों और एक पूर्व छात्र समेत तीन गिरफ्तार किया है। इनमें टीएमसी की स्टूडेंट विंग के नेता मोनोजीत मिश्रा भी शामिल हैं। मोनोजीत पूर्व में लॉ कॉलेज में तृणमूल कांग्रेस छात्र परिषद् (TMCP) की इकाई के अध्यक्ष रह चुके हैं।



पुलिस के अनुसार यह घटना 25 जून को शाम 7.30 बजे से 10.50 बजे के बीच हुई। कोलकाता के सीएनएमसी में पीड़िता की प्रारंभिक चिकित्सा जांच की गई। पुलिस ने बताया कि गवाहों से पूछताछ की गई है और उनके बयान दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने अपराध से जुड़ी चीजों को फोरेंसिक जांच के लिए सुरक्षित किया है।
बीजेपी ने टीएमसी पर बोला हमला
पश्चिम बंगाल की राजधानी में एक शर्मनाक घटना सामने आने पर बीजेपी ने टीएमसी पर निशाना साधा है। विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि इस राज्य में कुछ भी हो सकता है। पिछले साल आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एक जूनियर डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या कर दी गई थी। राज्य में महिलाओं की कोई सुरक्षा नहीं है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अब इसे एक छोटी सी घटना कह रही हैं। अधिकारी ने कहा कि उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए।
महिला आयोग सख्त, तीन दिन में मांगी रिपोर्ट
राष्ट्रीय महिला आयोग ने मामले पर खुद संज्ञान लिया है। मामले पर महिला आयोग ने बयान जारी करते हुए कहा कि एक छात्रा के साथ लॉ कॉलेज परिसर में कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया गया। मामले पर आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है और तीन दिनों के अंदर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट भी मांगी है।
आयोग ने कहा, “अध्यक्ष विजया रहाटकर ने कोलकाता पुलिस कमिश्नर को चिट्ठी लिखकर गहरी चिंता व्यक्त की है और बीएनएस की धाराओं के तहत तत्काल और समयबद्ध जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पीड़िता को बीएनएसएस की धारा 396 के तहत मुआवजे के साथ-साथ उसकी पूरी मेडिकल, मनोवैज्ञानिक और कानूनी मदद करने की जरूरत पर जोर दिया। आयोग ने 3 दिनों के अंदर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट भी मांगी है।”

