
जमशेदपुर । जमशेदपुर समेत राज्य के विभिन्न शहर में ट्रैफिक पुलिस की मनमानी और नियमों की अनदेखी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। सिदगोड़ा के 28 नंबर रोड, खटाल के पास भी एक ऐसा ही वाक्या सामने आया, जिसमें टाटा स्टील के एक अधिकारी के साथ ट्रैफिक पुलिस के जवान ने दुर्व्यवहार किया और बाइक की चाबी जबरन छीनने का प्रयास किया। चाबी छीनने की कोशिश में सफल नहीं होने पर ट्रैफिक पुलिस के एक जवान बाइक सवार का हेलमेट जबरन निकाल लिया। वहीं दूसरे जवान ने फोटो खींच कर चालान काटने की कोशिश की।



टाटा स्टील के अधिकारी प्रदीप तियू से जबरन बाइक की चाबी छीनने की कोशिश करने और सफलता नहीं मिलने पर सिर से हेलमेट निकाल लेने के मामले में पुलिस की ओर से संज्ञान ले लिया गया है। घटना की भनक लगते ही एसएसपी पीयूष पांडेय ने इसकी जांच करवाई और जांच रिपोर्ट सामने आते ही ट्रॉफिक सिपाही कुंदन सिंह को सस्पेंड कर दिया। मामले में घटनाक्रम का वीडियो बनाने वाले सिपाही संजय यादव के खिलाफ अभी जांच चल रही है। आगे चलकर उसपर भी कार्रवाई हो सकती।
बताया गया है कि न्यू बारीडीह निवासी प्रदीप तियू टाटा स्टील में अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। वो अपनी पत्नी को लेकर इलाज के लिए एग्रिको विद्यापतिनगर स्थित डॉक्टर के पास पहुंचे थे। जैसे ही उन्होंने पत्नी को बाइक से उतारा। पेड़ के पीछे छिपा ट्रैफिक जवान दौड़कर आया और बिना किसी बातचीत के सीधे उनकी बाइक की चाभी छीनने की कोशिश करने लगा।

