
जमशेदपुर। साकची थाना क्षेत्र में एसएसपी आॅफिस के पास बाइक सवार बदमाशों ने रविवार रात एक महिला से पर्स छीन लिया और फरार हो गए। पर्स में नकदी, जेवर और मोबाइल फोन था। जब सोनारी बालीचेला स्कूल के पास रहने वाली राधिका देवी अपने पति मालदीप सिंह के साथ मायके से घर लौट रही थीं। दोनों जैसे ही जमशेदपुर के एसएसपी आॅफिस और रमेश कुल्फी के पास पहुंचे, पीछे से एक बाइक पर सवार दो युवक आए और अचानक राधिका देवी का पर्स झपट कर फरार हो गए।



पीड़ित महिला के पति मालदीप सिंह ने बताया कि पर्स में करीब 40 हजार रुपये नकद, सोने के तीन टॉप और एक मोबाइल फोन था। वारदात के तुरंत बाद दोनों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक बदमाश भाग चुके थे। आस-पास के लोग भी घटनास्थल पर पहुंचे, मगर तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
घटना की जानकारी साकची थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी ने सोमवार को बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।

