
मुंबई। भारत और पाकिस्तान के बीच लगातार बढ़ रहे तनाव से डरे निवेशकों की स्थानीय स्तर पर हुई चौतरफा बिकवाली से आज शेयर बाजार में कोहराम मच गया।
बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 880.34 अंक अर्थात 1.10 प्रतिशत का का गोता लगाकर आठ कारोबारी सत्र के बाद 80 हजार अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे 79,454.47 अंक पर आ गया। इससे पहले यह 25 मई को 79,212.53 अंक पर रहा था। साथ ही नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 265.80 अंक यानी 1.10 प्रतिशत टूटकर 24008.00 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह बीएसई का मिडकैप 0.10 प्रतिशत फिसलकर 42,111.50 अंक और स्मॉलकैप 0.30 प्रतिशत उतरकर 46,741.95 अंक पर आ गया।
इस दौरान बीएसई में कुल 4010 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 2522 में गिरावट जबकि 1343 में तेजी रही वहीं 145 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसी तरह एनएसई की 2887 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। इनमें से 1738 में बिकवाली जबकि 1065 में लिवाली हुई वहीं 84 के भाव स्थिर रहे।
बीएसई के 17 समूहों में बिकवाली का दबाव रहा। इस दौरान कमोडिटीज 0.10, सीडी 0.29, ऊर्जा 0.74, एफएमसीजी 0.65, वित्तीय सेवाएं 1.40, हेल्थकेयर 0.16, आईटी 0.32, दूरसंचार 0.46, यूटिलिटीज 1.50, आॅटो 0.19, बैंकिंग 1.04, तेल एवं गैस 0.46, पावर 1.11, रियल्टी 2.08, टेक 0.46, सर्विसेज 0.63 और फोकस्ड आईटी समूह के शेयर 0.24 प्रतिशत टूट गए।
विश्व बाजार में तेजी का रुख रहा। इस दौरान ब्रिटेन का एफटीएसई 0.47, जर्मनी का डैक्स 0.67, जापान का निक्केई 1.56 और हांगकांग का हैंगसेंग 0.40 प्रतिशत चढ़ गया। हालांकि चीन का शंघाई कंपोजिट 0.30 प्रतिशत लुढ़क गया।
शुरूआती कारोबार में सेंसेक्स 1366 अंक की भारी गिरावट लेकर 78,968.34 अंक पर खुला लेकिन लिवाली होने से थोड़ी देर बाद 80,032.93 अंक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। वहीं, बिकवाली होने से यह दोपहर बाद 78,968.34 अंक के निचले स्तर तक लुढ़क गया। अंत में पिछले दिवस के 80,334.81 अंक के मुकाबले 1.10 प्रतिशत का गोता लगाकर 79,454.47 अंक रह गया।
इसी तरह निफ्टी भी 338 अंक की गिरावट लेकर 23,935.75 अंक पर खुला और सत्र के दौरान 24,164.25 अंक के उच्चतम जबकि 23,935.75 अंक के निचले स्तर पर रहा। अंत में पिछले सत्र के 24,273.80 अंक की तुलना में 1.10 प्रतिशत टूटकर 24,008.00 अंक पर बंद हुआ।
इस दौरान सेंसेक्स की नुकसान उठाने वाली कंपनियों में आईसीआईसीआई बैंक 3.16, पावरग्रिड 2.70, अल्ट्रासिम्को 2.15, बजाज फाइनेंस 2.02, रिलायंस 1.93, एचडीएफसी बैंक 1.93, बजाज फिनसर्व 1.77, अडानी पोर्ट्स 1.73, महिंद्रा एंड महिंद्रा 1.59, एनअीपीसी 1.52, आईटीसी 1.50, एक्सिस बैंक 1.44, सन फार्मा 1.23, भारती एयरटेल 1.21, इटरनल 1.09, मारुति 1.00, इंडसइंड बैंक 0.95, हिंदुस्तान यूनिलीवर 0.90, नेस्ले इंडिया 0.74, टेक महिंद्रा 0.64, टाटा स्टील 0.63, एचसीएल टेक 0.63, इंफोसिस 0.25, टीसीएस 0.15 और कोटक बैंक 0.11 प्रतिशत शामिल रही।
वहीं, मुनाफा कमाने वाली कंपनियों में टाइटन 4.38, टाटा मोटर्स 3.90, एलटी 3.77, एसबीआई 1.39 और एशियन पेंट 0.02 प्रतिशत है।




