
भागलपुर। बिहार के भागलपुर जिले में त्रिपल मर्डर की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नाथनगर थाना क्षेत्र के मकनपुर गांव में मानसिक रूप से विक्षिप्त एक युवक ने अपने चाचा समेत दो लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी, जबकि एक अन्य युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया।



गांव में दहशत, आरोपी को भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला : घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर बुरी तरह पीटा, जिससे इलाज के दौरान उसकी मायागंज अस्पताल में मौत हो गई।
चाचा की गला रेतकर हत्या, एक अन्य पर डंडे से हमला : आरोपी ने अपने चाचा राजीव राय की गला रेतकर हत्या कर दी, वहीं जयप्रकाश नाम के युवक की मायागंज अस्पताल में मौत हो गई। एक अन्य युवक छोटू कुमार गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।
पुलिस जांच में जुटी, एफएसएल की टीम कर रही पड़ताल : घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने एफएसएल टीम के साथ जांच शुरू कर दी है। डीएसपी (सिटी-2) राकेश कुमार ने बताया कि घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन मृत आरोपी मानसिक रूप से बीमार था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा- सभी पहलुओं की हो रही जांच : एसएसपी हृदयकांत ने बताया कि पुलिस हर बिंदु की गहनता से जांच कर रही है और ग्रामीणों के आक्रोश में कानून हाथ में लेने की भी जांच होगी।
इस ट्रिपल मर्डर की घटना से पूरे गांव में सन्नाटा और दहशत का माहौल है।

