
रांची। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के पोर्टल में आई तकनीकी खराबी को दूर कर लिया गया है। अब यह पोर्टल एक बार फिर चालू हो गया है। हालांकि पोर्टल को लेकर कुछ और इश्यू हैं, जिसे लेकर महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव मनोज कुमार ने जैप आइटी के पदाधिकारियों को बुलाया है। इधर, इस योजना के तहत जनवरी माह की किस्त विभिन्न जिलों में एक-दो दिनों में जारी हो सकती है। फिलहाल उन लाभुकों के खाते में ही राशि हस्तांतरित की जा सकती है, जिनका बैंक खाता आधार से लिंक हो गया है।



जिन लाभुकों का आधार नहीं बना है, वे इसके लिए आवेदन कर इस योजना का लाभ ले सकते हैं। बताते चलें कि दिसंबर तक ही आधार के बिना इस योजना का लाभ देने का निर्णय लिया गया था। अब इस योजना का लाभ लेने के लिए आधार को अनिवार्य कर दिया गया है। इधर, जिलों में चल रहे सत्यापन में लगातार गड़बड़ियां सामने आ रही हैं। सबसे अधिक मामले बोकारो, गढ़वा आदि जिले में आए हैं। हालांकि, कई जिलों से रिपोर्ट अभी महिला एवं बाल विकास को नहीं मिल पाई है। आधार से बैंक खाता लिंक करने में गड़बड़ियां सामने आ रही हैं।

