
रांची। पलामू जिले के चैनपुर में रविवार रात गैंगवार में 2 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना चैनपुर थाना क्षेत्र के गरदा गांव में हुई। रविवार देर रात हुए गैंगवार में 2 लोग घायल भी हुए हैं। गोली लगने से भरत पांडेय और दीपक साव उर्फ ढोला की मौत हो गयी। अंशु सिंह और एक अन्य व्यक्ति घायल है। दोनों को एमएमसीएच में भर्ती कराया गया है।



रात 12:15 बजे अंधाधुंध फायरिंग की गई, जिस घर में भरत पांडेय और दीपक रुके हुए थे, पहले उसका दरवाजा खुलवाया गया. जैसे ही घर का दरवाजा खुला, बाहर से आए लोगों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. इसमें भारत पांडेय और ढोला दोनों की मौत हो गयी। भरत पांडेय कभी रामगढ़ के पांडेय गिरोह का सदस्य था । बाद में उसने पांडेय गिरोह से नाता तोड़ लिया। उसने अपना गिरोह तैयार कर लिया था। आशंका जताई जा रही है कि भरत पांडेय पर पांडेय गिरोह के सदस्यों ने ही हमला किया होगा। भरत पांडेय अपने मौसेरे भाई संजोग सिंह के बच्चे का जन्मदिन मनाने के लिए यहां आया था। बच्चे का जन्मदिन 11 जनवरी को है।
भरत पांडेय मूल रूप से वह इसी गांव का रहने वाला है। वह संजोग सिंह के चाचा अजय सिंह के यहां रुका था। ग्रामीणों का कहना है कि आधी रात को अपराधियों ने करीब 100 राउंड फायरिंग की। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि फायरिंग करने के बाद अपराधी पैदल ही भाग गए।
ग्रामीणों ने कहा कि अपराधियों ने अपनी गाड़ी कहीं और खड़ी कर रखी थी। ग्रामीणों की मानें तो अपराधियों की संख्या 10 से अधिक थी। उधर, पलामू की एसपी रीष्मा रमेशन घटना के बाद रात को ही घटनास्थल पर पहुंचीं. सुबह में सदर एसडीपीओ और चैनपुर थाना की पुलिस वरीय पुलिस पदाधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी।

