
नई दिल्ली। महाराष्ट्र (Maharashtra Election Dates) और झारखंड में विधानसभा चुनाव का आज एलान हो जाएगा। निर्वाचन आयोग आज महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा (Jharkhand Assembly Election 2024) के चुनाव के लिए दोपहर में तारीखों की घोषणा करने वाला है। ECI आज दोपहर 3 बजकर 30 मिनट पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा। इसी के साथ आयोग बताएगा की चुनाव (Assembly Election 2024) कितने चरणों में होगा और क्या-क्या तैयारियां की जा चुकी हैं।



झारखंड में कम चरणों में हो सकता है चुनाव
झारखंड विधानसभा (Jharkhand Assembly Election 2024) की 81 सीटों पर चुनाव दो या तीन चरणों में हो सकता है। हालांकि, पिछली बार साल 2019 में विधानसभा चुनाव 5 चरणों में हुए थे। झारखंड में चुनाव 15 नवंबर के बाद हो सकता है।
निर्वाचन आयोग ने जब झारखंड का दौरा किया था तो सभी राजनीतिक दलों ने ये सुझाव दिया था कि चुनाव छठ पूजा और बिरसा जयंती एवं राज्य स्थापना दिवस के बाद ही कराए जाएं। साथ ही, सभी ने कम से कम चरणों में चुनाव कराने का सुझाव भी आयोग को दिया था।
महाराष्ट्र में काफी दिलचस्प होगा मुकाबला
महाराष्ट्र में इस बार का विधानसभा चुनाव काफी दिलचस्प होने वाला है। दरअसल, शिवसेना और एनसीपी दो धड़ों में बंटने के बाद पहले बार विधानसभा चुनावों में आमने सामने होगी। उद्धव गुट की शिवसेना और शरद पवार गुट की एनसीपी जहां महा विकास अघाड़ी गठबंधन के तहत चुनाव लड़ेगी तो वहीं शिंदे गुट की शिवसेना और अजित पवार गुट की एनसीपी महायुति गठबंधन के तहत चुनाव लड़ेंगे।
बता दें कि चार महीने पहले हुए लोकसभा चुनाव में महाविकास अघाड़ी ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया था और 48 में से 30 सीटें जीती थीं। वहीं भाजपा नीत महायुति गठबंधन ने केवल 17 सीटें जीती थीं। हालांकि, हरियाणा में चुनाव जीतने के बाद भाजपा का जोश फिर हाई होगा।

