
रांची। भारतीय जनता पार्टी झारखंड के सभी विधानसभा क्षेत्रों में निकालेगी परिवर्तन यात्रा। प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने सोमवार को प्रदेश कार्यालय में एक प्रेसवार्ता कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संगठन ने इसके लिए पांच प्रमंडल के अतिरिक्त एक अन्य केंद्र बनाया है। इसके लिए केंद्रीय नेताओं को भी आमंत्रित किया गया है। यात्रा का थीम है- न सहेंगे न कहेंगे बदलकर रहेंगे। इसके जरिए हेमंत सोरेन सरकार की पांच साल की कुव्यवस्था, भ्रष्टाचार और बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठ से आदिवासी जनसंख्या में हो रहे बदलाव से जनता को अवगत कराया जाएगा।
यह यात्रा राज्य के 200 प्रखंडों से गुजरते हुए यह यात्रा सभी 81 विधानसभा क्षेत्र तक पहुंचेगी। संताल परगना के लिए साहिबगंज जिले के भोगनाडीह को चुना गया है। यहां केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को आमंत्रित किया गया है।



बाबूलाल मरांडी ने बताया कि परिवर्तन यात्रा किसी धार्मिक या ऐतिहासिक स्थल से प्रारंभ होगी। इस यात्रा में शामिल नेता सामाजिक संगठनों और प्रमुख लोगों से संवाद भी करेंगे। हेमंत सोरेन सरकार की अराजकता को बताने के साथ ही लोगों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार की उपलब्धियां भी बताई जाएंगी।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश इस यात्रा के संयोजक बनाए गए हैं। प्रदेश महामंत्री प्रदीप वर्मा और अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव इस यात्रा के सह-संयोजक हैं।
संताल परगना में 20 सितंबर को भोगनाडीह से प्रारंभ होकर 30 सितंबर तक यात्रा चलेगी। पलामू प्रमंडल के लिए वंशीधर नगर से 20 सितंबर से 28 सितंबर तक चलेगी। हजारीबाग के लिए भद्रकाली मंदिर से 21 सितंबर से 28 सितंबर तक चलेगी। दक्षिणी छोटानागपुर के लिए अमरेश्वर धाम से 23 सितंबर से एक अक्टूबर के बीच यात्रा होगी। गिरिडीह के लिए झारखंडी धाम से 20 से 26 सितंबर के बीच यात्रा होगी। कोल्हान के लिए चित्रेश्वर धाम से 23 से 26 अक्टूबर के बीच यात्रा होगी।

