
गुमला। जनता के समस्याओं के त्वरित व प्रभावी निवारण को लेकर मंगलवार को नगर भवन गुमला में झारखंड पुलिस की पहल पर जन शिकायत समाधान शिविर लगा। शिविर का शुभारंभ पुलिस महानिरीक्षण दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल रांची के अखिलेश कुमार झा, डीसी कर्ण सत्यार्थी, एसपी शंभू कुमार सिंह, डालसा सचिव राम कुमार लाल गुप्ता, एसडीओ राजीव नीरज के द्वारा दीप प्रज्जवलित कर किया गया।



आइजी अखिलेश कुमार झा ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य सेवा ही लक्ष्य है। मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक के सुझाव पर जनता के त्वरित समस्याओं के निवारण को लेकर समाधान कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। जो जिला ही नहीं अनुमंडल स्तर पर भी आयोजित किया गया है। समाधान कार्यक्रम में आकर जनता अपनी समस्या को रख सकते हैं।
श्री झा ने कहा कि गुमला व सिमडेगा जिला में ह्यूमन ट्रैफिकिंग एक गंभीर समस्या है। उन्होंने बाहर काम पर जाने वाले लोगों सें कहा कि वे रजिस्ट्रड संस्था के माध्यम से ही जाएं। डायन जौसी कुप्रथा समाज के लिए घातक है। 21वीं सदी में महिलाओं पर अत्याचार बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। लोग बीमार पड़े तो डॉक्टर के पास जाएं और शिक्षित हों। महिलाओं को किसी तरह की अगर परेशानी होती है तो वे सीधे महिला थाना जाएं। समाधान कार्यक्रम में आने वाली लोगों की समस्याओं का फलोआॅप किया जाएगा। क्योंकि समस्याओं का समाधान करना ही पुलिस का काम है।
एसपी बोले- वाट्सप नंबर पर करें शिकायत
एसपी शंभू कुमार सिंह ने कहा कि आम लोगों के सहयोग के बिना पुलिस काम नहीं कर सकती है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग द्वारा जारी वाट्सप नंबर पर शिकायत करने पर तत्काल उन्हें व विभाग के लोगों को जानकारी मिल जाएगी। समाधान कार्यक्रम केवल आज के लिए नहीं है यह 365 दिनों तक संचालित होगा।
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि झारखंड पुलिस का कम रिर्सोस पर भी हमेशा अच्छा प्रदर्शन करने का रिकार्ड रहा है। उपायुक्त ने कहा कि क्षेत्र के दूर दराज इलाकों के नागरिकों से पुलिस की नजदीकी कम है। समाधान कार्यक्रम से जनता की समस्याएं दूर होगी और जनता व पुलिस की दूरियां भी कम होगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन व पुलिस का काम ही है जनता के समस्याओं का समाधान करना।
वहीं कार्यक्रम में डायन-बिसाही, ह्यूमन ट्रेफिकिंग, पलायन, सड़क सुरक्षा व अन्य समसयाओं पर तुलसी सांस्कृतिक मंच व प्रभात कला मंच रांची के सदस्यों ने नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुती की। कार्यक्रम में गुमला थाना क्षेत्र के लोगों के लगभग 50 आवेदन अपनी समस्याओं को लेकर दिया। जिसमें राजकीय उर्दू मध्य विद्यालय कोटाम के ग्रामीणों ने आवेदन देकर स्कूल से पुलिस पिकेट हटाने की मांग की। वहीं दस से अधिक आवेदन जमीन संबंधित मामले के हैं। कार्यक्रम में कई स्टॉल लगाये गये जिसका पुलिस महानिरीक्षक ने निरीक्षण किया। इस अवसर पर एसडीओ राजीव नीरज, एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव, डीएसपी वीरेंद्र टोप्पो, गुमला थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह, इंस्पेक्टर सिसई विनय कुमार, स्थाई लोक अदालत के सदस्य शंभू सिंह सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।

