
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आइएएस) के वरिष्ठ अधिकारी गोविंद मोहन को केंद्रीय गृह सचिव नियुक्त किया है। यह जानकारी कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग द्वारा बुधवार को जारी एक परिपत्र में दी गई है। मोहन 22 अगस्त को मौजूदा गृह सचिव अजय कुमार भल्ला की जगह कार्यभार संभालेंगे। वह इस समय संस्कृति मंत्रालय के सचिव हैं। भल्ला का कार्यकाल उसी दिन समाप्त हो रहा है।



परिपत्र में कहा गया है कि मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने संस्कृति मंत्रालय के सचिव गोविंद मोहन को तत्काल प्रभाव से गृह मंत्रालय में विशेष कार्य अधिकारी के रूप में नियुक्त करने की मंजूरी दे दी है। विशेष कार्य अधिकारी मोहन 22 अगस्त को अजय कुमार भल्ला की जगह गृह मंत्रालय में गृह सचिव का पदभार संभालेंगे, जिनका सेवाकाल उसी दिन पूरा हो रहा है। अजय कुमार भल्ला को अगस्त 2019 में केंद्रीय गृह सचिव नियुक्त किया गया था। वह पांच साल तक इस पद पर रहे।
गोविंद मोहन असम-मेघालय कैडर के 1984 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उन्होंने बीएचयू-आईआईटी वाराणसी से इलेक्ट्रिकल इंजीनियर की पढ़ाई की है। पहले भी वह गृह मंत्रालय में दो कार्यकाल के लिए काम कर चुके हैं। गोविंद मोहन हर घर तिरंगा अभियान को को-आॅर्डिनेट कर रह थे। अगले महीने वह 59 साल के होने जा रहे हैं।
पिछले महीने ही उनकी अगुवाई में भारत और अमेरिका ने पहला सांस्कृतिक संपदा समझौता किया था। संपदा की अवैध तस्करी को रोकने और पुरातन वस्तुओं को उनके मूल स्थान पर लौटाने के लिए ये समझौते किए गए हैं। आगामी महीनों में जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनावों के मद्देनजर मोहन की नियुक्ति अहम मानी जा रही है।
कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने बुधवार को ही प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी के नए निदेशक के नाम की भी घोषणा की है। सरकार ने आईआरएस अधिकारी राहुल नवीन को ईडी का नया फुल टाइम डायरेक्टर नियुक्त किया है। उनका कार्यकाल दो साल का होगा।

