
रांची। सिविल कोर्ट के अधिवक्ता गोपी कृष्ण के हत्या में शामिल अपराधी के साथ रांची पुलिस का मुठभेड़। पुलिस ने दो अपराधियों को गिरफ्तार किया। रांची के सीनियर एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि सिविल कोर्ट के अधिवक्ता गोपी कृष्ण के हत्यारे की पहचान शुक्रवार को ही कर ली गई थी। पहचान होने के बाद एसआईटी की टीम उसकी तलाश में जुटी हुई थी। इसी बीच शनिवार की देर रात यह सूचना मिली कि वकील की हत्या में शामिल एक अपराधी रोशन कुमार रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र के महेशपुर में छुपा हुआ है। सूचना कंफर्म होते ही अनगड़ा थाना क्षेत्र के महेशपुर के पास स्थित बागान टोली के घर को पुलिस ने घेर लिया।



पुलिस की टीम के द्वारा अपराधी को सरेंडर करने के लिए कहा गया लेकिन उसने पुलिस पर ही फायरिंग शुरू कर दी। अपराधी के फायरिंग के बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस की तरफ से भी कई राउंड फायर की गई। इसी बीच पुलिस की एक गोली अपराधी को जा लगी । गोली लगने के बावजूद अपराधी मौके से फरार होने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस की टीम ने उसे दबोच लिया। मुठभेड़ में घायल अपराधी के पास से पिस्टल भी बरामद किया गया है। उसके दूसरे साथी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के साथ हुए एनकाउंटर में घायल अपराधी का नाम रोशन कुमार है। वह रांची के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र का ही रहने वाला है। फिलहाल पुलिस की देखरेख में उसका अस्पताल में इलाज करवाया जा रहा है। शुक्रवार को रोशन ने अपने अन्य साथी के साथ मिलकर अधिवक्ता गोपाल कृष्ण की बड़ी बेरहमी के साथ चाकू मारकर हत्या कर दी थी। घायल अपराधी की हालत स्थिर होने पर उसे गोपी कृष्ण के हत्याकांड को लेकर पूछताछ की जाएगी।

