
नई दिल्ली। हाथरस भगदड़ को लेकर भोले बाबा यानी सूरजपाल ने पहली बार कैमरे पर आकर अपनी बात रखी है। इस घटना को लेकर बाबा ने कहा कि वह इस घटना से बहुत ज्यादा दुखी है। सूरजपाल का कहना है कि लोगों को प्रशासन पर विश्वास रखना चाहिए। किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा। बाबा ने कहा कि दुख की इस घड़ी में प्रभु लोगों को इससे उबरने की शक्ति दें। सूरजपाल को उनके अनुयायी भोले बाबा के तौर पर जानते हैं। हाथरस में सत्संग के दौरान मची भगदड़ के बाद पहली बार सूरजपाल का बयान सामने आया है।



हाथरस में दो जुलाई को भोले बाबा के सत्संग के बाद मची भगदड़ में 121 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना में कई लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए थे। इस हादसे को लेकर राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम नरेंद्र मोदी ने शोक भी व्यक्त किया था। वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने इस हादसे पर दुख जताते हुए उच्चस्तरीय जांच कमेटी का गठन किया था।
पांच जिलों में बने हैं भव्य आश्रम, 100 करोड़ से अधिक संपत्ति : भोले बाबा का उत्तर प्रदेश के कासगंज, मैनपुरी, आगरा, कानपुर और मध्य प्रदेश के ग्वालियर में बड़े आश्रम हैं। इनकी चल अचल संपत्ति 100 करोड़ से ज्यादा है । अकेले मैनपुरी के बिछवां आश्रम की जमीन की कीमत ही चार करोड़ के आसपास है। सूत्रों के मुताबिक विनोद नाम के एक सेवादार ने इतनी कीमती जमीन बाबा भोले के ट्रस्ट को दान में दे दी है। अब राजस्व विभाग इस जमीन की जांच कर रही है। आश्रम के सामने करीब 50 बीघे जमीन को भी भोले बाबा ने लीज पर ली हुई है।

