
रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण के तहत 43 सीटों पर बुधवार को मतदान संपन्न हो गया। चुनाव आयोग की ओर से जारी आंकड़े के अनुसार कुल 64.86 फीसदी मतदाताओं ने मताधिकार का इस्तेमाल किया। यह शाम पांच बजे तक का प्रारंभिक आंकड़ा है। फाइनल आंकड़े में कुछ प्रतिशत की बढ़ोतरी हो सकती है। दशकों तक नक्सल प्रभावित रहे इलाकों में बंपर वोटिंग हुई। प्राय: सभी क्षेत्रों में महिला और युवा मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया।



प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार सरायकेला-खरसावां जिले की सीटों पर सबसे अधिक 72.19 फीसदी मतदान रिकॉर्ड किया गया है, जबकि सबसे कम वोटिंग हजारीबाग जिले की सीटों में 59.13 फीसदी दर्ज की गई है।
मतदान प्रतिशत में बढ़ोतरी के बाद राजनीतिक विश्लेषक अपने-अपने तरीके से एनडीए और इंडिया गठबंधन के सत्ता में काबिज होने का अनुमान लगा रहे हैं। हालांकि यह तय हो गया है कि इस चरण में 43 सीटों में जिस गठबंधन को अधिक सीटें मिलेगी, उसी गठबंधन की सत्ता में वापसी होगी।
चुनाव आयोग से मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव के दौरान इन सीटों पर करीब 64 प्रतिशत मतदान हुआ था, लेकिन इस बार प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार ही 65 प्रतिशत से अधिक मतदान का अनुमान है। ऐसे में कई विधानसभा क्षेत्रों में यह बढ़ा हुआ मतदान प्रतिशत उम्मीदवारों की हार-जीत में निर्णायक साबित होगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक मतदान : इस बार बहरागोड़ा, खरसावां और घाटशिला समेत कोल्हान, उत्तरी छोटानागपुर, दक्षिणी छोटानागपुर और पलामू प्रमंडल के कई विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं में खासा उत्साह देखा गया। हालांकि रांची और जमशेदपुर समेत अन्य शहरी क्षेत्रों में मतदान प्रतिशत अपेक्षाकृत कम रहा।
विधानसभावार मतदान प्रतिशत पर निगाह डालें तो कोल्हान प्रमंडल की खरसावां सीट पर सबसे ज्यादा 77.32 प्रतिशत वोट पड़े हैं। रांची शहरी विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम 51.50 मतदाताओं ने ही मताधिकार का इस्तेमाल किया है। जिन अन्य सीटों पर 70 फीसदी से ज्यादा मतदान हुआ है, उसमें बहरागोड़ा में 76.15, लोहरदगा में 73.21, मांडर में 72.13, पोटका में 72.29, सरायकेला में 71.54, सिसई में 71.21 और बिशुनपुर में 70.06 प्रतिशत वोट रिकॉर्ड किया गया है। इस चरण में 20 सीट अनुसूचित जनजाति और 6 सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं, जबकि 17 सीट सामान्य हैं। मतदान संपन्न होने के साथ ही कुल 683 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई है।
इस चरण के प्रमुख प्रत्याशियों में पूर्व सीएम चंपई सोरेन, उनके पुत्र बाबूलाल सोरेन, झारखंड सरकार के छह मंत्रियों डॉ. रामेश्वर उरांव, मिथिलेश ठाकुर, बन्ना गुप्ता, दीपक बिरुआ, बैद्यनाथ राम और रामदास सोरेन, पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा की पत्नी मीरा मुंडा, ओडिशा के राज्यपाल रघुवर दास की बहू पूर्णिमा दास साहू, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सीपी सिंह, पूर्व मंत्री सरयू राय, कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रहे पूर्व आईपीएस डॉ. अजय कुमार, राज्यसभा की सांसद डॉ. महुआ माजी, पूर्व सीएम मधु कोड़ा की पत्नी गीता कोड़ा, पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही, डॉ नीरा यादव आदि शामिल हैं। इस चरण में मतदान के लिए 15,344 मतदान केंद्र बनाए गए थे, जहां सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ था। राज्य में 950 मतदान केंद्र ऐसे रहे, जहां शाम चार बजे तक मतदान कराया गया। निर्वाचन आयोग ने अति संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा की दृष्टि से यह निर्णय लिया था।
जिला सीट मतदान प्रतिशत (पांच बजे तक)
पूर्वी सिंहभूम बहरागोड़ा 76.15
हजारीबाग बरही 61.10
रामगढ़ बड़कागांव 66.32
हजारीबाग बरकट्ठा 59.10
गढ़वा भवनाथपुर 68.20
पलामू बिश्रामपुर 62.63
लोहरदगा बिशुनपुर 70.06
पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा 68.61
पश्चिमी सिंहभूम चक्रधरपुर 66.50
चतरा चतरा 61.16
पलामू छतरपुर 60.88
पलामू डाल्टनगंज 64.82
गढ़वा गढ़वा 66.46
पूर्वी सिंहभूम घाटशिला 70.05
गुमला गुमला 65.46
रांंची हटिया 58.20
हजारीबाग हजारीबाग 57.65
पलामू हुसैनाबाद 59.04
सरायकेला-खरसावां ईचागढ़ 69.00
पश्चिमी सिंहभूम जगन्नाथपुर 66.26
पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर पूर्वी 56.72
पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर पश्चिम 55.95
पूर्वी सिंहभूम जुगसलाई 64.53
रांची कांके 57.89
सरायकेला-खरसावां खरसावां 77.32
खूंटी खूंटी 69.53
कोडरमा कोडरमा 62.00
सिमडेगा कोलेबिरा 68.62
लातेहार लातेहार 69.70
लोहरदगा लोहरदगा 73.21
पश्चिमी सिंहभूम मझगांव 69.40
रांची मांडर 72.13
लातेहार मनिका 64.15
पश्चिमी सिंहभूम मनोहरपुर 63.43
पलामू पांकी 65.13
पूर्वी सिंहभूम पोटका 72.29
रांची रांची 51.50
सरायकेला-खरसावां सरायकेला 71.54
चतरा सिमरिया 65.65
सिमडेगा सिमडेगा 68.70
गुमला सिसई 71.21
रांची तमाड़ 67.12
खूंटी तोरपा 67.03

