रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) के माध्यम से आयोजित 21 परीक्षाओं में अनियमितता, कथित पेपर लीक, ओएमआर शीट में हेराफेरी मामले की जांच के लिए पुलिस मुख्यालय ने करीब 35 अधिकारियों की अलग-अलग छह टीमें बनाईं हैं। टीम में दो डीआईजी, तीन एसपी के अलावा डीएसपी, इंस्पेक्टर व दारोगा शामिल हैं। डीआईजी जैप कार्तिक एस. व डीआईजी झारखंड जगुआर (एसटीएफ) इंद्रजीत महथा के अलावा एसपी अभियान दीपक कुमार शर्मा, एसपी वायरलेस प्रशांत आनंद व एसपी विशेष शाखा सौरभ टीम का नेतृत्व करेंगे। इन सभी छह टीमों के जिम्मे जेपीएससी की विवादित सभी परीक्षाओं की जांच की जिम्मेदारी होगी। सभी संबंधित पदाधिकारियों को जल्द से जल्द सीआईडी में योगदान देने के लिए आदेश दिया गया है।

इससे पहले झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की संयुक्त स्नातक स्तरीय (सीजीएल) परीक्षा में कथित पेपर लीक मामले की जांच के लिए आइजी झारखंड जगुआर अनूप बिरथरे के नेतृत्व में 17 सदस्यीय टीम गठित की गई थी, जो पूरे मामले की जांच कर रही है।

सीआईडी के अनुरोध पर पुलिस मुख्यालय ने उपलब्ध कराया बल: सीआईडी को राज्य सरकार ने जेपीएससी की परीक्षाओं में कथित अनियमितता मामले की जांच का आदेश दिया था। जांच में अतिरिक्त पदाधिकारियों की आवश्यकता को देखते हुए सीआईडी ने पुलिस मुख्यालय से अतिरिक्त बल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। सीआईडी के अनुरोध पर पुलिस मुख्यालय ने अतिरिक्त बल उपलब्ध कराया है।

सीआईडी ने लगातार छापामारी, रांची व बाहर छानबीन करने, गिरफ्तार, संदिग्धों आदि पर निगरानी करने, आरोपितों को पूछताछ के लिए ले जाने, लाए जाने के लिए बल की आवश्यकता पर जोर दिया गया था। पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को भी आदेश दिया है कि वे सीआईडी को जांच में सहयोग करेंगे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version