
रांची। गुमला पुलिस ने नक्सलियों की बड़ी साजिश विफल कर दिया। जिले के सुदूरवर्ती गुमला कुरुमगढ़ सीमावर्ती क्षेत्र में निमार्णाधीन सड़क और एक अन्य स्थान पर विस्फोट करने के इरादे से लगाए गए करीब 35 आईईडी बरामद किए हैं।
एसपी शंभू कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि भारी मात्रा में केन बम बरामद हुए हैं और भी बरामदगी की संभावना है. सुरक्षा कारणों से टीम शुक्रवार की रात वापस लौट गई है। उन्होंने बताया कि टीम आज भी गांव में पहुंचकर सर्च अभियान चलाएगी। यह भी जांच की जाएगी कि लगाया गया बम कितना पुराना है। एसपी ने बताया कि इलाके का चप्पे-चप्पे छाना जाएगा।
माओवादियों ने पुलिस को निशाना बनाने के लिए निर्माणाधीन कुटमा-बामड़ा सड़क पर पांच आईईडी बिछा दिए थे। बम निरोधक दस्ता और जगुआर पुलिस की टीम ने शुक्रवार देर रात इनको निष्क्रिय कर दिया। हरिनाखाड़ इलाके से करीब 30 आईईडी बरामद किए गए हैं। इनको आज निष्क्रिय किया जाएगा।




पुलिस के मुताबिक, ग्रामीणों को जमीन से एक तार निकला देखा तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। इन लोगों ने इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही रांची से बम निरोधक दस्ता बुलाया गया। दस्ते ने बिना समय गंवाए पहुंच कर आईईडी को निष्क्रिय कर दिया।

