
वायनाड । केरल के वायनाड में आई तबाही में लाशों के निकलने का सिलसिला जारी है। वायनाड में आए भूस्खलन के मलबे से अब तक 276 शव निकले जा चुके हैं, अब भी 200 से ज्यादा लोग लापता हैं। जो लापता हैं उनके भी जीवित बचने की उम्मीद न के बराबर जताई जा रही है क्योंकि घटना को हुए 3 दिन हो गए हैं। बचाव अभियान में समय बीतता जा रहा है और रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण यह और चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है। मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कहा कि दो दिनों में 1,592 लोगों को बचाया गया है और जब तक अंतिम संभावित जीवित व्यक्ति को बचा नहीं लिया जाता, तब तक प्रयास जारी रहेंगे। मंगलवार की सुबह हुए दो भूस्खलनों से हुई तबाही का अंदाजा देता है, जिसमें मुंडक्कई और दो पड़ोसी गांव लगभग खत्म हो गए। 200 से अधिक लोग घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती हैं। वायनाड जिला प्रशासन ने कहा कि मृतकों में 30 बच्चे शामिल हैं। देर शाम तक 96 शवों की पहचान हो चुकी थी और इनमें से 75 शवों को उनके परिवारों को सौंप दिया गया था। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और सांसद राहुल गांधी भी वायनाड पहुंच रहे हैं। सेना, नौसेना और एनडीआरएफ की बचाव टीमें मलबे के ढेरों को खोदने और लकड़ी और कंक्रीट के अवशेषों को तोड़ने में लगी हैं। ये वे मलबा है जो कभी घर हुआ करते थे। टीमें दिन-रात जुटे हैं ताकि जीवित बचे लोगों की तलाश की जा सके।



निकल रहे फूले हुए शव
सर्च अभियान में ज्यादातर कीचड़ से सने, फूले हुए शव मिल रहे हैं। बारिश रुकने का नाम नहीं ले रही थी, बचाव दल पहाड़ी क्षेत्र के बाकी हिस्सों से कटे हुए इलाकों तक पहुंचने के लिए संघर्ष कर रहे थे। एक रक्षा प्रवक्ता ने एक बयान जारी कर कहा कि मुंदक्कई और पड़ोसी बागान क्षेत्रों में तैनात सेना की इकाइयों ने प्रभावित क्षेत्र के कुछ हिस्सों में फंसे लगभग 1,000 लोगों को बचाया है। भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टरों ने दिन भर कई हवाई सर्वेक्षण किए।
राहत कार्य के लिए बन रहा बेली ब्रिज : केरल के सीएम पिनाराई विजयन के कार्यालय ने कहा कि सेना चूरलमाला में बचाव अभियान के लिए बेली ब्रिज का निर्माण कर रही है, जहां मंगलवार सुबह 4.10 बजे दो भूस्खलनों में से दूसरा भूस्खलन हुआ। पहला भूस्खलन सुबह 2 बजे मुंदक्कई पर गिरा। एक अधिकारी ने कहा कि आइएफ सी 17 विमान ने सेना के तीन खोज और बचाव कुत्तों के साथ बेली ब्रिज को दिल्ली से कन्नूर पहुंचाया। राज्य सरकार ने आपदा के बाद से लापता लोगों की एक सूची प्रकाशित की। सबसे कम उम्र का 14 दिन का एडम सयान है जबकि सबसे बुजुर्ग 85 वर्षीय अब्दुर्रहमान मुसलियार है।
यूपी के 4 लोगों की भी मौत : सूची में यूपी के एक परिवार के चार सदस्य – बॉबी चौहान, पिंटो चौहान और दो अन्य शामिल हैं। इसके अलावा ओडिशा के स्वाधीन पांडा शामिल हैं। सीएम विजयन की कैबिनेट ने आपदा के लिए केरल की प्रतिक्रिया पर चर्चा करने के लिए दिन में पहले बैठक की, जो राज्य में 2018 की बाढ़ के बाद सबसे खराब थी जिसमें लगभग 500 लोगों की जान चली गई थी, और अब तक की सबसे खराब एकल-साइट प्राकृतिक आपदा थी।

