
पुणे । महाराष्ट्र कैडर की आईएएस पूजा खेडकर इन दिनों विवादों मे घिरी हैं। पूरे देश में उन्हें लेकर चर्चा हो रही है। ट्रेनी आईएएस अधिकारी पर फर्जी दस्तावेजों के सहारे यूपीएससी परीक्षा पास करने का आरोप है। केंद्र ने आरोपों की जांच के लिए एक सदस्यीय समिति का गठन किया। पूजा खेडकर पर दिव्यांगता और ओबीसी कोटा का दुरुपयोग करने का आरोप है। इसके अलावा पूजा खेडकर पर अनुचित व्यवहार के आरोप भी लगे हैं। उन्हें पुणे से वाशिम ट्रांसफर कर दिया गया है। पूजा खेडकर के मामले में एक और खुलासा हुआ है, उनके पास अकूत संपत्ति है। जबकि पूजा ने दावा किया था कि उनकी मां और पिता अलग हो चुके हैं लेकिन इसका भी लोगों ने खंडन किया है। उन्होंने कहा कि आज कभी भी इसका जिक्र नहीं हुआ। पूजा के पिता पूर्व अफसर हैं और राजनीति में भी हैं। बीते लोकसभा चुनाव के शपथपत्र में भी उन्होंने अपनी पत्नी से अलग रहने का कोई जिक्र नहीं किया। उनकी पत्नी भी सरपंच हैं और उनके भी हलफनामे में इसका कोई जिक्र नहीं है। कहा जा रहा है कि पूजा करोड़ों की संपत्ति की मालकिन हैं।
पुणे की रहने वाली प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी पूजा खेडकर का नाम इस समय काफी चर्चा में है। पूजा खेडकर को अपने पद का गलत इस्तेमाल करने के आरोपों के बाद पुणे से महाराष्ट्र के वाशिम जिले में ट्रांसफर कर दिया गया है।
डॉ. पूजा खेडकर महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एमपीसीबी) में सेवानिवृत्त अधिकारी दिलीप राव खेडकर की बेटी हैं। पूजा खेडकर ने अपने निजी वाहन पर लाल-नीली बत्ती का इस्तेमाल किया, जिसकी तस्वीर वायरल हुई थी और यह घटना सुर्खियों में आई। पूजा खेडकर को यूपीएससी परीक्षा 2022 में 821वीं रैंक (पीडब्ल्यूडी-5) मिली थी। उन्हें पुणे में सहायक कलेक्टर के पद पर तैनाती मिली थी।
सालाना कमाई 42 लाख : पूजा खेडकर को लेकर कई नए खुलासे सामने आ रहे हैं। उनमें से एक ये जानकारी सामने आई है कि उनके पास अकूत संपत्ति है। पता चला है कि पूजा खेडकर की सालाना कमाई 42 लाख रुपये है। वहीं उनके पास 17 करोड़ से भी ज्यादा की संपत्ति है। पूजा की संपत्ति, नियुक्ति और पद का गलत इस्तेमाल करने को लेकर इस समय विवाद खड़ा हो गया है।
पूजा के पास कितनी संपत्ति?
- पूजा खेडकर के पास 110 एकड़ कृषि भूमि है।
- उनके पास 6 प्लॉट और 7 फ्लैट हैं।
- उनके पास 900 ग्राम सोना और हीरे हैं।
- पूजा खेडकर के पास 17 लाख रुपये की सोने की घड़ी है।
- एक आॅडी सहित 4 लक्जरी कारें भी पूजा खेडकर के पास हैं।
- दो निजी कंपनियों में पार्टनरशिप है पूजा खेडकर की।
- अकेले पूजा के पास 17 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति।
पूजा खेडकर के परिवार की संपत्ति
- पूजा के पिता दिलीप खेडकर, जिन्होंने 2024 का लोकसभा चुनाव वंचित बहुजन अघाड़ी के टिकट पर लड़ा था, ने अपने चुनावी हलफनामे में अपनी संपत्ति 40 करोड़ रुपये बताई।
- कृषि आय के रूप में 48 लाख रुपये का उल्लेख किया गया है।
क्या है पूजा खेडकर का विवाद : दिलीप खेडकर के भाई माणिक खेडकर 5 साल तक बीजेपी के तालुका अध्यक्ष रहे हैं। दिलीप खेडकर ने कहा था कि अगर उन्हें नामांकन मिलता है, तो वह देवी को डेढ़ किलो वजनी चांदी का मुकुट चढ़ाएंगे। खास बात यह है कि उन्होंने अपना वचन निभाते हुए उस प्रतिज्ञा को पूरा किया। पूजा खेडकर ने यूपीएससी परीक्षा 2021 में उत्तीर्ण की थी। इस परीक्षा में उनकी आॅल इंडिया रैंक 821 थी। सामने आया है कि उन्होंने खुद को दिव्यांग बताया है। कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय के पास एक याचिका भी दायर की गई है। पूजा का तर्क है कि दिव्यांग अभ्यर्थियों को एससी/एसटी अभ्यर्थियों की तुलना में अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्हें भी यही लाभ मिलना चाहिए।
