
पटना । बिहार के सीतामढ़ी जिले में सोमवार देर रात तेज आंधी के दौरान बड़ा पीपल का पेड़ उखड़कर एक घर पर गिर गया। इस हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। यह घटना रीगा थाना क्षेत्र के रेवासी धनुशी टोला (वार्ड नंबर 1) में हुई।



मृतकों की पहचान पूजा देवी (28), बेटी शिवानी (5) और तीन बेटों राजकुमार (7), वीरभद्र कुमार (2) और एक महीने के लायगर कुमार के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, परिवार कच्चे मकान में सो रहा था, जो एक पुराने पीपल के पेड़ के पास बना हुआ था।रात करीब 11:30 बजे तेज हवाएं और भारी बारिश शुरू हुई, जिससे पेड़ उखड़ गया और सीधे घर पर गिर पड़ा। इससे पूरा मकान ढह गया और सभी पांच लोग मलबे में दब गए। सभी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर सदर एसडीपीओ, बीडीओ और रीगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों ने भी राहत और बचाव कार्य में मदद की और मलबा हटाया। जिला प्रशासन ने प्रभावित परिवार को सरकारी नियमों के अनुसार मुआवजा और अन्य सहायता देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

